जसूर (कांगड़ा)। इफको कांगड़ा की ओर से नूरपुर स्थित औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र जाच्छ में वैज्ञानिक-बागवान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण केंद्र के समन्वयक डॉ. विपन गुलेरिया ने बागवानों को इफको की ओर से निर्मित विश्व प्रथम नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी के बारे में जानकारी दी। साथ ही कृषि में नवीनतम तकनीकों पर आधारित उत्पादों के बारे में बताया। किसानों को जानकारी दी गई कि कैसे किसान उदय एप के माध्यम से अब अपने खेतों में सामान्य शुल्क पर स्प्रे करवा सकते हैं। पारंपरिक उर्वरकों जैसे यूरिया के ज्यादा इस्तेमाल से पर्यावरण पर पड़ रहे नकारात्मक परिणामों से बचने और नैनो उर्वरकों जैसे आधुनिक उत्पादों को इस्तेमाल करने की हिदायत दी। वहीं, कांगड़ा क्षेत्र में कृषि ड्रोन सहित इलेक्ट्रिक गाड़ी भी मुहैया करवाई गई है। इस दौरान विशेषज्ञ डॉ. राजेश कलेर, मृदा वैज्ञानिक डॉ. रेनू कपूर और इफको के जिला क्षेत्र अधिकारी श्रेय सूद सहित निखिल कुमार उपस्थित रहे।