सोशल मीडिया में एआई एडिट फोटो में विधायक आशीष बुटेल के पांव छूते बजुर्ग। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : 1
पालमपुर (कांगड़ा)। स्थानीय विधायक आशीष बुटेल की सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। दावा किया कि वायरल फोटो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जनरेट किया गया है। विधायक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
तस्वीर में एक बुजुर्ग विधायक के पैर छूता हुआ दिखाई दे रहा है। ब्लॉक कांग्रेस पालमपुर के सोशल मीडिया प्रभारी अनुराग नरियाल ने कहा कि विधायक की कथित एआई जनरेटेड फोटो सोशल मीडिया पर साझा करना निंदनीय और गैर जिम्मेदाराना है। विधायक सरल और शालीन व्यवहार के लिए जाने जाते हैं और बुजुर्गों का सम्मान करते हैं। कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पर विचार कर रही है। उधर, डीएसपी सुनील राणा ने कहा कि पुलिस के पास विधायक के खिलाफ डाली गई पोस्ट को लेकर शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।