पालमपुर (कांगड़ा)। पंचरुखी की पंचायत भरवाना में सोमवार रात हुई लाखों रुपये के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात भरवाना में एक परिवार रिश्तेदार के घर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 9-10 लाख रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जांच में जुटी पंचरुखी पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर तीनों आरोपियों सतनाम, कुलदीप और बॉबी (सभी निवासी बैजनाथ) को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए गहनों की बरामदगी में जुट गई है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने कहा कि भरवाना चोरी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय से तीन दिन का रिमांड मिला है और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।