गगल (कागड़ा)। गगल हवाई अड्डे के विस्तार से प्रभावित शामलात भूमि पर लंबे समय से रह रहे परिवारों ने उपमंडल अधिकारी कांगड़ा को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा और राहत की मांग उठाई है। लोगों ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि वे ग्राम पंचायत की ओर से आवंटित शामलात भूमि के कुछ हिस्सों पर आवासीय और कृषि उद्देश्यों के लिए वर्षों से रह रहे हैं और अपना कारोबार भी स्थापित किया है।
गगल हवाई अड्डे के विस्तार व विकास कार्यों के दौरान उनकी यह भूमि प्रभावित हुई है। अगर उन्हें उचित मुआवजा और राहत एवं पुनर्वास का लाभ नहीं दिया गया तो भविष्य में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
उधर, गगल की प्रधान रेणु पठानिया ने बताया कि कांगड़ा के एसडीएम इशांत जसवाल ने लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांग को सरकार को भेजेंगे और सरकार का इसमें जो भी विचार होगा, उसके तहत सबको मुआवजा वितरित किया जाएगा। संवाद