धर्मशाला। भारतीय सेना की ओर से कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए 1 से 14 अगस्त तक धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ग्राउंड में अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। बुधवार को मिनी सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय कुमार की अध्यक्षता में सेना और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने एसडीएम और तहसीलदार धर्मशाला को रैली का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, वाहन पार्किंग, पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना, अतिरिक्त बसों की उपलब्धता, चिकित्सक एवं एंबुलेंस की तैनाती, सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, विद्युत तथा इंटरनेट सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
खेल, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा अधिकारियों को भर्ती प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए भर्ती स्थल पर सक्षम अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दि। बैठक में कर्नल विशाल शाह, मेजर अखिल एस नायर, प्रदीप सिंह, सूबेदार मेजर नीरज जबकि प्रशासन की ओर से एसी विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रतन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ब्यूरो