हमीरपुर में अग्निवीर क्लर्क भर्ती में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवक को सम्मानित करते सेना अधिका
पालमपुर (कांगड़ा)। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के तहत कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए हमीरपुर के अणु सिंथेटिक ट्रैक पर दो दिवसीय अग्निवीर भर्ती का आयोजन किया गया। भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि अग्निवीर क्लर्क एसकेटी पद के लिए पंजीकृत 1182 में से 1113 उम्मीदवारों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 798 उम्मीदवारों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) सफलतापूर्वक पास कर ली है। कर्नल विशाल शाह ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और लगन से आगे की तैयारी जारी रखने के लिए प्रेरित किया। भर्ती की पूर्व सूचना अखबारों और एडमिट कार्ड के माध्यम से दी गई थी।