जिला मुख्यालय पर सड़कों की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। मैक्लोडगंज और सतोवरी के बाद अब एचआरटीसी ने जिला मुख्यालय से सटे खनियारा के लिए भी बस सेवा बंद कर दी हैं। लगातार बारिश के कारण धर्मशाला से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव कंड में सड़क धंस गई है। सुबह खनियारा के लिए रवाना हुई बस के चालक ने संबंधित स्थल पर पहुंचकर बस को पीछे मोड़ लिया। बस सेवा बंद होने के कारण लोगों को परिवहन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गांव ठेहड़, जूहल, कंड और दाड़नू के लोगों को हो रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। यात्रियों सुरेश कुमार, सुरजीत और वीरेंद्र तथा विमला ने कहा कि वह शनिवार को धर्मशाला आ रहे थे तो बस गांव कंड से वापस मुड़ गई।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर जिला मुख्यालय की सड़कों पर ही प्रशासन परिवहन सुविधा बहाल नहीं कर पा रहा है तो दूरदराज के क्षेत्रों में क्या हालात होंगे, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। धर्मशाला के समाजसेवी रविकांत शर्मा ने कहा कि रविवार को नड्डी स्थित डल झील में पवित्र स्नान है, लेकिन बस सेवाएं बंद रहने से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की सुध लेने वाला कोई नहीं बचा है। लोग परेशान हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा ने कहा कि धर्मशाला-खनियारा और धर्मशाला-मैक्लोडगंज रूट की सड़कें धंस गई हैं। जल्द इन सड़कों की मरम्मत की जाएगी।
उधर, एचआरटीसी धर्मशाला डिपो के आरएम साहिल कपूर ने कहा कि सड़कों की हालत खराब होने के कारण मैक्लोडगंज मार्ग पर बसें नहीं चलाई जा सकतीं। उन्होंने कहा कि खनियारा रूट पर भी गांव कंड में सड़क पूरी तरह धंस चुकी है। सड़कों की मरम्मत होने के बाद पहले की तरह बस सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।