जिला मुख्यालय धर्मशाला के मिनी सचिवालय में कमरा नंबर 118 में आधार कार्ड बनाने को रोजाना लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। पूर्व में पंजीकृत होने से छूट गए सैकड़ों लोग सुबह से ही मिनी सचिवालय पहुंच रहे हैं।
जिलेभर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग मिनी सचिवालय पर दस्तक दे रहे हैं। रोजाना मिनी सचिवालय में आधार कार्ड बनाने को लंबी कतारें लग रही हैं। लेकिन, शुक्रवार सुबह से सचिवालय भवन में आधार कार्ड बनाने पहुंचे लोगों में आक्रोश साफ झलक रहा था।
कारण था आधार कार्ड बनवाने पहुंचे करीब 40 से भी अधिक लोगों में से दोपहर दो बजे तक महज आधा दर्जन लोगों के ही आधार कार्ड बन पाए।
एक व्यक्ति के आधार कार्ड प्रक्रिया पूरी होने में करीब 20 मिनट का समय लग रहा है। शुक्रवार को आधार कार्ड बनाने पहुंचे करीब 43 लोगों की सूची भी बाकायदा कक्ष के बाहर लगाई गई थी।
दूरदराज क्षेत्रों से आधार कार्ड बनवाने मिनी सचिवालय भवन पहुंचे लोगों में अभिनव, रोहन, ममता देवी, शीला देवी, सुमन, महक, तमन्ना देवी, मिलाप, आदित्य, रजत, तेंजिन शेरपा, खुशबू, अपर्ण, कमला, शिवानी, रिंकू्, रंजना देवी ने सरकार से मांग की है कि आधार कार्ड बना रहे स्टाफ में बढ़ोतरी की जाए।
प्राथमिकता के आधार पर पहले बुजुर्गों को मौका दिया जाए। एसडीएम धर्मशाला श्रवण मांटा ने बताया कि शुक्रवार को इंटरनेट सेवा ठप होने और ज्यादातर राशन कार्ड धारकों की ओर से आधार कार्ड नंबर जमा करवाने पर भीड़ जमा हो रही है। प्रशासन खामियों के सुधार करने में तत्पर है।