संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। चरस तस्करी के मामले में गिरफ्तार तीसरे आरोपी सुरेश कुमार उर्फ पुजारी को संसारपुर टैरेस पुलिस ने रविवार को देहरा अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लेकर जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया गया है।यह गिरफ्तारी 19 अक्तूबर 2025 को हुए मुख्य मामले से जुड़ी है। पुलिस थाना संसारपुर टैरेस की टीम ने 19 अक्तूबर को नाकाबंदी के दौरान संसारपुर टैरेस में बीवीएम वर्कशॉप स्थान पर भूपेंद्र कुमार (41) निवासी ब्रह्मणोता, तहसील चुराह, जिला चंबा को 814 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था।
आरोपी भूपेंद्र कुमार के मोबाइल और बैंक खातों की जांच के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान हुई। इनमें ऋषि उर्फ मिंटू, निवासी संसारपुर टैरेस और तीसरा आरोपी सुरेश कुमार उर्फ पुजारी, निवासी गांव व डाकघर धर्मशाला (महंता), तहसील अंब, जिला ऊना शामिल थे। पुलिस ने ऋषि उर्फ मिंटू को 22 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था।
जांच में सामने आया कि मिंटू ने भूपेंद्र के खाते में दो वर्षों में 1.72 लाख रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए थे। वहीं, भूपेंद्र ने पुलिस पूछताछ में बताया कि सुरेश कुमार उर्फ पुजारी का नाम भी सामने आया। सुरेश कुमार ने भी भूपेंद्र के बैंक खाते में ऑनलाइन कुछ राशि एडवांस के रूप में भेजी थी। जबकि सुरेश कुमार के बैंक खाते की जांच में यह सामने आया कि पिछले लगभग दो वर्षों के दौरान सुरेश ने कुल 3,22,200 रुपये की राशि भूपेंद्र के खाते में स्थानांतरित की थी। संसारपुर टैरेस की विशेष पुलिस टीम ने पुख्ता सबूतों के आधार पर सुरेश कुमार उर्फ पुजारी को गिरफ्तार किया था।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि दो आरोपी पहले ही न्यायिक हिरासत में हैं और तीसरे आरोपी सुरेश कुमार को भी अदालत द्वारा 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।