धर्मशाला। राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय (बीएड कॉलेज) धर्मशाला की ‘शैक्षणिक समिति’ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस ‘त्वरित कार्रवाही’ थीम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. आरती वर्मा ने की।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं ने नारी सशक्तिकरण, समावेशी समाज में नारी की भूमिका, प्रौद्योगिकी व नवाचार में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय लेने में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भाषण एवं कविता पाठ प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता में आशना शर्मा ने प्रथम, स्मृति शर्मा ने द्वितीय और आरती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ में सोनिया पहले और शैलजा दूसरे स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. अतुल आचार्य, डॉ. राज भगती और डॉ. मनोज कुमार शामिल रहे। प्राचार्य प्रो. आरती वर्मा ने महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त प्राध्यापक वर्ग एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।