कांगडा में आधार सुविधा केंद्र का शुभारंभ करते विधायक पवन काजल। -स्रोत: जागरूक पाठक
कांगड़ा। केंद्र सरकार के भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) विंग की ओर से कांगड़ा में आधार सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। शिमला और मंडी के बाद यह हिमाचल प्रदेश का तीसरा ऐसा केंद्र है। विधायक पवन काजल ने विधिवत रूप से इस सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के खुलने से स्थानीय लोगों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए बड़ी राहत मिली है।
विधायक पवन काजल ने इसे केंद्र सरकार की ओर से कांगड़ा के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि अब आधार कार्ड धारकों को बायोमेट्रिक अपडेट, नाम परिवर्तन या कार्ड से संबंधित किसी भी अन्य समस्या के समाधान के लिए चंडीगढ़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कांगड़ा जिले के साथ-साथ चंबा और हमीरपुर की जनता को भी इस केंद्र का सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक ने केंद्र में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर विद्यार्थियों के नए आधार कार्ड बनाने और बायोमेट्रिक अपडेट करने के लिए विशेष शिविर लगाएं। अपने संबोधन में उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार क्षेत्र में फोरलेन सड़कों का जाल बिछा रही है, वहीं 1350 गरीब लोगों के लिए मकान भी स्वीकृत किए गए हैं।
इस अवसर पर यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय हिमाचल के डायरेक्टर जगदीश कुमार, ऑपरेशन मैनेजर अनीता देवी, केंद्र मैनेजर अरुण गौतम, आरएम विवेक, रजनीकांत, नगर पार्षद शुभम, सतप्रकाश सोनी और रमेश महेशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।