पालमपुर (कांगड़ा)। देश की रक्षा में सेवाएं देने वाले सैनिकों के सम्मान में पालमपुर स्थित महाराणा प्रताप भवन के सामने सैनिक स्मारक बनाया जाएगा। राजपूत कल्याण सभा पालमपुर की बैठक में इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। सभा के अध्यक्ष एडवोकेट मिलाप चंद राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पिछले माह के एजेंडे का अनुमोदन भी किया गया।
बैठक में महिलाओं और बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम स्तर पर राजपूत सभाओं के गठन का निर्णय लिया गया। इसके अलावा राजपूत युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाकर स्वावलंबी बनाने के लिए सभा की ओर से हरसंभव सहयोग देने पर सहमति बनी। संगठन को सक्रिय रखने के लिए प्रत्येक तीन माह में सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यकारिणी ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए गांव छैछड़ी-खैरा निवासी कैंसर पीड़ित विजय कुमार पटियाल को राजपूत कल्याण कोष से 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इससे पूर्व सभा के सदस्य अमर सिंह बोलेरिया तथा कर्नल अशोक कटोच के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में कोषाध्यक्ष डीआर ठाकुर ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव राजेंद्र राणा ने सभी सदस्यों का आभार जताया।