धर्मशाला। पशुपालन विभाग कर्मचारी महासंघ ने फील्ड में बढ़ रहे ऑनलाइन कामकाज के लिए कर्मचारियों को मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। महासंघ का कहना है कि विभागीय योजनाओं और उपचार कार्यों को डिजिटल माध्यम से निपटाने के लिए कर्मचारियों को जरूरी संसाधन मुहैया करवाए जाएं।
रविवार को धर्मशाला में जिला अध्यक्ष अजय पांबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से गूंजा। बैठक में ऑनलाइन सुविधाओं के अलावा पशु औषधालयों में वैक्सीनेटरों की नियुक्ति करने और पशु गणना की लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही पंचायत वेटरनरी सहायकों के नियमितीकरण और उन्हें समय पर वेतन जारी करने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि वेटरनरी फार्मासिस्ट पशुधन के उपचार और विभागीय योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में कार्य के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं और अधिकार मिलना बेहद जरूरी है।
संगठन ने सरकार व विभाग के समक्ष इन मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने की आगामी रणनीति भी तय की। बैठक में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र पठानिया, जिला महासचिव अमित सिंह, उपप्रधान मस्तान सिंह, सुरेंद्र सिंह, सह सचिव संजीव खट्टा और कुलदीप कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।