जनगणना कार्य में जुटे कर्मी हाथ में रजिस्टर के साथ-साथ सुरक्षा के लिए डंडा भी लिए हुए फोटो स्
कोटला (कांगड़ा)। जनगणना अभियान के तहत घर-घर जाकर आंकड़े एकत्रित कर रहे कर्मियों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कांगड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ड्यूटी निभा रहे अध्यापकों के लिए लावारिस पशु, कुत्ते और बंदर बड़ी परेशानी बन गए हैं। कई कर्मियों को बचाव के लिए रजिस्टर के साथ हाथ में डंडा लेकर घर-घर जाना पड़ रहा है।
शिक्षक सुबह से शाम तक गांवों की गलियों, मोहल्लों और दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर लोगों से जानकारी जुटा रहे हैं। कई स्थानों पर लावारिस कुत्तों के झुंड पीछा करते हैं। बंदरों की मौजूदगी भी चिंता का कारण बनी हुई है। जनगणना कर्मियों रमेश चंद और राजेंद्र कुमार का कहना है कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं लेकिन लावारिस पशुओं के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनके लिए सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए। प्रशासन से मांग की है कि जनगणना अवधि के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।