धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के समलोटी में जल्द ही लगभग साढ़े आठ करोड़ की लागत से 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने इसके निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सब स्टेशन बनने से क्षेत्र की समलोटी, जसौर, सुनेहड़, ठानपुरी, लीली, मूंदलाधार, अमतराड़ व सकोट सहित करीब 16 पंचायतों के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। वर्तमान में बढ़ते बिजली भार के कारण लोगों को लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नया सब स्टेशन बनने से इन समस्याओं से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र में बढ़ती आबादी, नए भवनों के निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए योजना तैयार कर स्वीकृति के लिए निदेशालय को भेजी गई है। सब स्टेशन बनने के बाद आसपास की पंचायतों में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और गुणवत्तापूर्ण होगी।
नगरोटा के समलोटी में नया सब स्टेशन स्थापित करने की योजना है। इसका प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद बाकी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा।
-अजय गौतम, मुख्य अभियंता, एचपीएसईबीएल नॉर्थ जोन, धर्मशाला