पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर पेंशनर्स सभा की कार्यकारिणी की बैठक सभा के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार फुल्ल की अध्यक्षता में हुई। इसमें यह निर्णय लिया गया कि 50 के लगभग पेंशनर्स जिन्हें लीव एनकैशमेंट नहीं दी गई है, उनके लिए प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका जल्द डाल दी जाए, जिससे प्रभावित लोगों को आर्थिक राहत मिल सके।
साल 2022 के बाद मेडिकल रिवर्समेंट के बिलों का भुगतान भी नहीं हो रहा है। इससे पेंशनर परेशान हैं। यह निर्णय भी लिया गया कि मेडिकल रिवर्समेंट के लिए भी याचिका तैयार की जाए। इसके लिए जो लोग प्रभावित हैं, वे अपने मेडिकल बिलों की फोटो कॉपी आगामी 15 दिन में अध्यक्ष या सचिव के पास जमा करवा दें। कार्यकारिणी ने एकमत से विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। उनसे आग्रह किया कि पेंशनर्स के लंबित बकाया का यथासंभव भुगतान कर दें। बैठक में डॉ. सुदर्शना भटेडिया, ठाकुर चतुर सिंह और मंसाराम आदि मौजूद रहे।