धर्मशाला। संसारपुर टैरेस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ और निर्बाध बनाने के लिए बिजली बोर्ड ने कमर कस ली है। क्षेत्र में 15.86 लाख रुपये की लागत से 6.30 एमवीए क्षमता वाले नए सबस्टेशन का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इस सबस्टेशन के शुरू होने से वर्षों से चली आ रही लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार सबस्टेशन के चालू होने के बाद कस्बा कोटला, संसारपुर टैरेस, रेड्डी कुठेड़ा, जंडौर, माहला, जौल, गुलाधार और कंगरेट समेत आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वर्तमान में बढ़ती आबादी और बिजली के अधिक भार के कारण पुराने ढांचे पर दबाव बढ़ गया था, जिसे इस नए सबस्टेशन के माध्यम से कम किया जाएगा।
स्थानीय निवासी अमित कुमार, सरवण कुमार, राकेश कुमार, पवन कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद, नीरज, अमन और दीपक आदि ने परियोजना का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि गर्मियों के दौरान बिजली की खपत बढ़ने पर उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नए सबस्टेशन के निर्माण से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कृषि कार्यों को भी बेहतर बिजली मिल सकेगी।
इस वर्ष के अंत तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भी यह सबस्टेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। -अजय गौतम, मुख्य अभियंता नार्थ जोन, बिजली बोर्ड।