मारंडा (कांगड़ा)। मारंडा के मुख्य बाजार में सोमवार सुबह एक किराना स्टोर में अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में स्टोर के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। स्टोर मालिक के अनुसार नुकसान का सटीक आकलन करना अभी मुश्किल है, लेकिन यह लाखों में है। यह घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे की है।
बाजार से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों ने स्टोर के शटर और छत से धुआं निकलते देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनते ही स्थानीय व्यापारियों और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी स्टोर के मालिक और दमकल विभाग को दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब दुकान का शटर खोला गया तो अंदर आग की लपटें इतनी तेज थीं कि भीतर जाना नामुमकिन था।
सूचना मिलते ही पालमपुर से दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को साथ लगती अन्य दुकानों में फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा बाजार में एक बड़ा हादसा हो सकता था। दुकान के मालिक ने बताया कि अंदर रखा सारा नया स्टॉक और कीमती सामान आग की भेंट चढ़ गया है।
हालांकि प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन अभी इसकी पुख्ता पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय व्यापार मंडल मारंडा और स्थानीय पार्षद नीलम मलिक ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित दुकानदार को उचित सहायता देने की मांग की है।
सोमवार सुबह मारंडा में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जिसने टीम के साथ मिलकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। -सुरेंद्र कुमार, अधिकारी, दमकल विभाग पालमपुर
आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। -सुनील राणा, डीएसपी पालमपुर