हमीरपुर। शिवपुरी धाम समताना में दशहरा पर्व को लेकर मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
शोभायात्रा में बाहरी राज्यों से कलाकार शिरकत करेंगे। रामायाण के पात्रों के संवाद भी इस आयोजन में आर्कषण का केंद्र रहेंगे। भव्य आयोजन के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंदिर में 22 सितंबर से कलश स्थापना और भव्य दुर्गा पूजन कार्यक्रम शुरू हो चुका है।
अब 30 सितंबर को नगर में शोभायात्रा के साथ उत्सव का आगाज होगा। यह जानकारी शिवपुरी धाम समताना कमेटी के सदस्य आचार्य केशव शर्मा ने हमीरपुर मुख्यालय में रविवार का आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उनके साथ मंदिर कमेटी के पदाधिकारी जनक ढटवालिया, अशोक और मुकेश ढटवालिया मौजूद रहे।
उन्होंने कहा मंदिर में दशहरा पर्व को लेकर दिल्ली से आए कलाकार पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। रावण का पुतला 100 फीट, जबकि मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले 60-60 फीट के बनाए गए हैं। प्रदेशभर में शिवपुरी धाम समताना में दूसरे नंबर पर इतने बड़े स्तर पर यह पुतले बनाए जाते हैं। इसके लिए विशेष रूप से बाहरी राज्य से कारीगर कार्य कर रहे हैं।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार, शिव परिवार, माता चामुंड़ा, भगवान शिव का महाकाल रूप और उनके अघोरी, भागवान गणेश की झांकियां निकाली जाएंगी। यात्रा समताना से सुबह 10:00 बजे शुरू होगी, जो बिझड़ी से मैहरे पहुंचेगी। मैहरे में विश्राम के बाद सलौणी, भोटा होकर बाईपास पहुंचेगी। वहां से शोभायात्रा पैदल हमीरपुर मुख्यालय गांधी चौक तक पहुंचेगी।
वहीं, मंदिर में एक अक्तूबर को विशेष पूजा-अर्चना के साथ पुतलों को खड़ा करने, पार्किंग, दहन आदि को लेकर व्यवस्था की जाएगी। दो अक्तूबर को संध्याकाल में असत्य पर सत्य की जीत का पर्व शुरू होगा और पुतलों का दहन किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर मुख्यातिथि, जबकि मंदिर के महंत आध्यात्मिक आचार्य शेखर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। मंदिर में इस दौरान सुबह 11:00 बजे से रात 10:00 बजे तक अटूट लंगर आयोजित होगा।
शिवपुरी धाम में रावण के विशालकाय पुतले के लिए सिर और जूते तैयार करते कारीगर। मंदिर समिति।