ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लोअर घलोर में आयोजित तीन दिवसीय महाकालेश्वर बैसाखी मेले का समापन भव्य महादंगल के साथ हुआ। इस दौरान डेढ़ लाख रुपये की बड़ी माली डेरा नानक के पहलवान मेजर और जोंटी गुर्जर के बीच हुई, जो 18 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद मेजर के चोटिल होने के कारण बराबरी पर समाप्त हुई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रमेश धवाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दंगल में 20-20 हजार रुपये की दस सीधी कुश्तियां करवाई गईं, जबकि तीस-तीस हजार रुपये की दो प्रमुख कुश्तियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। पहली कुश्ती जस्सा फगवाड़ा और बलवान दिल्ली के बीच हुई, जिसमें जस्सा ने जीत दर्ज की।
दूसरी कुश्ती शरीफ मलेरकोटला और अभिषेक गुर्जर दिल्ली के बीच हुई, जिसमें शरीफ ने बाजी मारी। 31 हजार रुपये की कुश्ती का फाइनल मुकाबला बड़ा सुदाम और लड्डू के बीच खेला गया, जिसमें लड्डू विजयी रहे।
मुख्य अतिथि रमेश धवाला ने दंगल कमेटी को 11 हजार रुपये की राशि भेंट कर आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर दंगल कमेटी के प्रधान रजनीश धवाला, पूर्व प्रधान अश्विनी, पूर्व बीडीसी सदस्य सुनील कुमार जोगु, पूर्व प्रधान मनीर मोहन, सुधीर कुमार, करतार कटोच, राजकुमार राजी, मेला प्रधान सुदर्शन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संवाद