कांगडा एयरपोर्ट के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाइवे) के दोनों तरफ पक्की ड्रेन (नाली) के निर्माण क
- फोटो : udhampur news
गगल (कांगड़ा)। गगल एयरपोर्ट के बाहर यातायात व्यवस्था सुधारने और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने निर्माण शुरू कर दिया है।
एयरपोर्ट के बाहर हाईवे के दोनों तरफ 800 मीटर लंबी पक्की ड्रेन बनाई जा रही है। इसके ऊपर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ भी तैयार होगा।
निर्माण गगल पुलिस थाना के समीप पुल से निजी अस्पताल तक किया जाएगा। ड्रेन को सड़क के स्तर से ऊंचा बनाया जा रहा है, जिससे इसके ऊपर सुरक्षित पैदल रास्ता तैयार हो सके। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को सड़क पर चलने की मजबूरी नहीं रहेगी।
इस व्यवस्था से हाईवे किनारे होने वाली बेतरतीब पार्किंग पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। अभी एयरपोर्ट और आसपास के बाजार में वाहन सड़क के किनारे खड़े होने से यातायात बाधित होता है। साथ ही पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। फुटपाथ बनने से राहगीरों को अलग रास्ता मिलेगा और सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी सुचारु हो सकेगी।
उधर, एनएचएआई फोरलेन कंपनी के प्रबंधक रोहित ठाकुर ने बताया कि बढ़ते यातायात दबाव और राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य शुरू किया गया है। दोनों तरफ 800 मीटर तक ड्रेन बनाई जा रही है। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।