फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra News: बिना मां-बाप के बच्चों की देखभाल करने वाला केंद्र खुद अनाथ

Thu, 12 Nov 2026 01:43 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कांगड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मशाला। दाड़ी में बिना मां-बाप के बच्चों की देखभाल करने वाला केंद्र खुद अनाथ है। नवजात और जरूरतमंद बच्चों के लिए विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान (एसएए केंद्र) करीब डेढ़ साल पहले शुरू किया गया था। यह केंद्र बिना समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) और पैरा मेडिकल स्टाफ के संचालित हो रहा है। इस केंद्र में स्वीकृत 10 पदों में से आठ पद ही भरे गए हैं। दो सबसे महत्वपूर्ण पद खाली होने से बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा और व्यवस्थाओं के तालमेल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार केंद्र में छह आया, एक सोशल वर्कर और एक चौकीदार का पद भरा हुआ है। को-ऑर्डिनेटर और पैरा मेडिकल स्टाफ का एक-एक पद रिक्त है। नवजात बच्चों की 24 घंटे निगरानी के लिए पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती जरूरी मानी जा रही है।
को-ऑर्डिनेटर न होने से प्रशासनिक कामकाज और समन्वय में बाधा आ रही है। वर्तमान में यह केंद्र लोकोमोटर दिव्यांग केंद्र के एक कमरे में चल रहा है। विभाग ने नए भवन के लिए भूमि चिह्नित की है जिस पर आगामी प्रक्रिया जारी है।
विज्ञापन

-
15-20 दिन केंद्र में रखकर शिमला भेजा था नवजात
फरवरी में केंद्र में एक नवजात बच्चे की देखरेख का मामला आया था। कर्मचारियों ने 15 से 20 दिन तक आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में देखभाल की। बाद में परिस्थितियों के चलते बच्चे को निदेशालय स्तर के शिशु गृह शिमला स्थानांतरित किया गया। केंद्र में अब तक कुल तीन मामले आ चुके हैं। इस वर्ष अभी तक कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ है।

बच्चा गोद लेने के लिए कारा पोर्टल पर होगा आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत बच्चा गोद लेने के लिए केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए/कारा) पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य है। आवेदन के बाद निदेशालय स्तर से जिला शाखा को निर्देश जारी होते हैं। इसके तहत आवेदक परिवार की होम स्टडी रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की जाती है।

निदेशालय की ओर से नवजात बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए एसएए केंद्र स्थापित किया गया है। केंद्र में आठ पद भरे जा चुके हैं। अन्य रिक्त पदों को भी निदेशालय स्तर से जल्द भरा जाएगा। -अशोक कुमार शर्मा, डीपीओ, महिला एवं बाल विकास विभाग, कांगड़ा
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें