नूरपुर (कांगड़ा)। पिछले एक महीने की जी जोड़ मेहनत के बाद और दिन-रात एक करने वाले विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने सोमवार का दिन आराम के साथ बिताया। प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं से निवास पर बैठकें भी कीं। विस क्षेत्र नूरपुर के कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन ने बताया कि आज के दिन भी समय से ही उठे। इसके बाद हलका सा नाश्ता किया और धूप में बैठे। 9 बजे के बाद विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के वर्करों ने आना शुरू कर दिया और दिन कैसे निकला, पता ही नहीं चला। थकान को मिटाने के लिए परिवार सहित छुट्टियां मनाने की योजना पर सोच विचार किया जा रहा है।
पंचायत और कारोबार देखेंगे निक्का
भाजपा प्रत्याशी रणवीर सिंह निक्का ने बताया कि वह हर रोज की तरह सुबह 5 बजे उठे और अपने कारोबार का 8 बजे तक दौरा किया। इसके पश्चात फ्रेश होकर दो परांठे का नाश्ता किया। फिर विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के वर्क रों का आना शुरू हो गया और पूरा दिन बैठकों में बीत गया। वह अपनी पंचायत कंडवाल के कामकाज और अपने कारोबार की तरफ ध्यान देंगं। पंचायत के विकास कार्यों और सरकारी कार्यों को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
पठानिया का दिन बैठकों में बीता
आजाद प्रत्याशी राकेश पठानिया ने बताया कि हर रोज की तरह वह रुटीन में सुबह उठे और नहा धोकर पूजा-पाठ कर नाश्ता किया। इसके पश्चात विभिन्न पंचायतों के वर्करों ने घर में आना शुरू कर दिया और दिन भर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा। बताया कि पूरा दिन वर्करों के साथ बैठकों में बीत गया।