कांगड़ा। सरकारी आदेशों को दरकिनार करने जैसे आरोपों से घिरे कांगड़ा के साथ सटे गोवरनंद स्कूल के सेंटर हेड टीचर को नौकरी से निलंबित कर दिया गया है। सेंटर हेड टीचर पर विभाग ने कई आरोप लगाए हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप शिक्षा निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) ने उन्हें निलंबित करने का फैसला लिया है। खंड विकास शिक्षा कार्यालय कांगड़ा की तरफ से शिक्षक के निलंबन के आर्डर जारी कर दिए गए हैं। निलंबन के दौरान उनका हेडक्वार्टर रक्कड़ (देहरा) रखा गया है। डिप्टी डायरेक्टर भजन सिंह चौधरी ने शिक्षक के निलंबन की पुष्टि की है। वहीं बीपीईओ सेठ राम ने शिक्षक का हेडक्वार्टर रक्कड़ (देहरा) किए जाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार स्कूल के सेंटर हेड टीचर सुरेश कुमार पर विभागीय आदेशों को न मानने के साथ साथ दो मिड डे मील वर्करों को पिछले चार माह से पगार न दिए जाने का आरोप है। बीपीईओ कार्यालय के सूत्रों के अनुसार उक्त शिक्षक ने विभाग की ओर से जारी डाक का समय पर उत्तर ही नहीं दिया। उनके सेंटर का जब भी रिकार्ड मांगा गया वे उसे नहीं दिखा पाए। साथ ही बिना छुट्टी मांगे स्कूल से अनुपस्थित रहने जैसे आरोप भी उन पर लगे हैं। शिक्षक से इस मसले पर विभाग ने कई बार पूछा लेकिन उन्हें कभी भी सकारात्मक जवाब नहीं मिल पाया। बीपीईओ विभाग की तरफ से इस मामले की रिपोर्ट डिप्टी डायरेक्टर कार्यालय भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबिंत कर दिया गया है। बीपीईओ सेठ राम ने बताया कि सेंटर हेड टीचर सुरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनसे जब भी उनके सेंटर से संबंधित पूछा गया वे उसका संतोषजनक उतर नहीं दे पाए। सरकारी आदेशों को न मानने के साथ साथ कुछ अन्य भी आरोप हैं। इनके आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है।