धर्मशाला। दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के मकसद से पंजाब के होशियारपुर में भारतीय सेना की धर्मशाला स्थित नौंवी कोर ने धावा बोल दिया है। बख्तरबंद टैंकों की गर्जना और हेलीकाप्टरों की गड़गड़ाहट से मैदानी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हथियारों से लैस सेना की मुस्तैद टुकड़ियों की पिछले एक सप्ताह से आर्टिलेरी फायरिंग जारी है। दरअसल भारतीय सेना की पश्चिमी कमान लगभग 20 हजार सैनिकों ने पंजाब में युद्घाभ्यास शुरू कर दिया है।
टैंक, भारी वाहनों समेत आक्रामक हेलीकाप्टरों से लैस सेना का यह युद्धाभ्यास देखने लायक है। धर्मशाला से काफी संख्या में सैन्य बल युद्धाभ्यास में जुटा है। राइजिंग स्टार कोर के प्रवक्ता कर्नल आरके शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे इस युद्धाभ्यास में इंडियन एयरफोर्स के फ्रंट लाइन एयरक्राफ्ट्स को भी शामिल किया गया है। रात में पेट्रोलिंग और ड्रिल के अलावा सैनिक युद्ध में काम आने वाले हर तरह के प्रशिक्षण का अभ्यास कर रहे हैं। आगामी 8 से 12 मई तक यहां मुख्य युद्धाभ्यास किया जाएगा। सेना किसी भी तरह के संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह से तैयार है।