बैजनाथ (कांगड़ा)। थाना बैजनाथ में अन्वेषणाधीन एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक व्यक्ति के साथ गए दूसरे आदमी ने पुलिस जांच अधिकारी को ही थप्पड़ जड़ दिया। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बीच व्यक्ति ने सब इंस्पेक्टर को थप्पड़ रसीद कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय में चालक के पद पर तैनात कुल्लू के पतली कूहल निवासी भेष राज को पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारना मंहगा पड़ गया है। पुलिस ने स्थानीय थाना के सब इंस्पेक्टर श्रवण सिंह की शिकायत पर चालक भेष राज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार श्रवण सिंह एक मामले की जांच कर रहे हैं और उन्हाेंने इस संबंध में देश राज को पूछताछ के लिए थाना में बुलाया हुआ था। देश राज के साथ भेष राज भी आ गया और पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर जांच अधिकारी श्रवण सिंह को उसने थप्पड़ रसीद कर दिया। पुलिस ने श्रवण सिंह की शिकायत पर भेष राज को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी अंबिया राम ने बताया कि श्रवण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने भेष राज को धारा 353, 332, 186, 504 34 आईपीसी के तहत गिरफ्तार कर लिया है।