फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्साइज पॉलिसी के नाम पर पुलिस की धौंस

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर क्षेत्र में पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारी आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से जारी गाइड लाइन की परवाह न करते हुए वाइन शॉप्स से शराब की खरीददारी कर आ रहे लोगों को धमका रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि क्या पुलिस को सरकार की शराब नीति की जानकारी नहीं है या फिर लोगों को डराने के लिए जानबूझ कर नासमझ बनी हुई है।
ऐसा ही एक मामला बीती रात देखने को मिला, जब नूरपुर के एक शराब के ठेके से एक युवक शराब की चार बोतलें खरीदकर घर की ओर जाने लगा तो पुलिस के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और उसके वाहन की चाबी भी निकाल ली। उसके बाद पुलिस कर्मी युवक को धौंस दिखाने लगे कि शराब के ठेके से केवल दो बोतलें घर को लेकर जा सकते हैं। पुलिस कर्मचारी युवक को थोड़ी दूर खड़े एएसआई से बात करने के लिए कहने लगे। भीड़भाड़ वाला क्षेत्र होने के कारण वहां लोगों का जमघट लग गया। इतने में वाइन शॉप के ठेकेदार ने पुलिस कर्मियों को आबकारी कराधान की पॉलिसी के बारे में अवगत कराया। इसमें छह शराब की बोतलें एक शराब के ठेके से व्यक्ति खरीदकर कहीं भी ले जा सकता है, लेकिन पुलिस अधिकारी और कर्मचारी यह मानने को तैयार नहीं हुए। उल्टा युवक को चालान कर मामला दर्ज करने की धमकी मिली। जब ठेकेदार ने पुलिस अधिकारी को कहा कि फिर आप चालान करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी ने चालान न कर युवक का लाइसेंस जब्त कर लिया तथा वहां से निकल गए।
विज्ञापन

बाक्स
मामले की होगी जांच : डीएसपी
नूरपुर के डीएसपी मेघनाथ चौहान ने कहा कि शराब के ठेके से चार अंग्रेजी की बोतलें व्यक्ति कहीं भी लेकर जा सकता है। इसके बावजूद पुलिस कर्मियों का व्यवहार उनकी समझ से परे है। बहरहाल, एक ऐसा ही मामला उनके ध्यान में आया था। इस मामले में उनके पास युवक की कोई शिकायत नहीं आई है, बावजूद इसके मामले की जांच की जाएगी।
इनसेट
छह बोतलों पर कोई मामला दर्ज नहीं होगा : सहायक आयुक्त
नूरपुर जिला आबकारी कराधान विभाग के सहायक आयुक्त विवेक महाजन का कहना है कि प्रदेश सरकार की शराब नीति के तहत कोई भी व्यक्ति अंग्रेजी ब्रांड की 750 मिलीलीटर की छह शराब की बोतलें और 650 मिलीलीटर की 24 बीयर की बोतलें शराब के ठेके से लेकर जा सकता है। ऐसे व्यक्ति पर पुलिस केस दर्ज नहीं कर सकती। यदि केस दर्ज किया जाएगा तो आबकारी कराधान विभाग की ओर से उसको रद्द किया जाएगा।
विज्ञापन

इनसेट
पुलिस कानून के तहत कार्यवाही करे : ठाकुर
नूरपुर जिला वाइन कांट्रेक्टर संघ के अध्यक्ष जेडी ठाकुर ने कहा कि पुलिस को आबकारी कराधान विभाग की गाइड लाइंस के अनुसार ही काम करना चाहिए नहीं तो वाइन शॉप्स लाइसेंस होल्डर को अपना कारोबार चलाना कठिन हो जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि शराब पर नियंत्रण रखने के लिए आबकारी कराधान विभाग अलग से इंस्पेक्टर भर्ती करे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें