मनियाड़ में युवक ने फंदा लगाकर दे दी जान
दो साल पहले हुई थी शादी, गांव में मातम
चंडीगढ़ में निजी नौकरी करता था नंद कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
लंबागांव (कांगड़ा)। विकास खंड लंबागांव की सोल बनेहड़ पंचायत के मनियाड़ गांव के एक युवक ने रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी है। युवक की अभी दो साल पहले शादी हुई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवार परिजनों का सौंप दिया है। मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फंदा लगाने के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लंबागांव की पंचायत सोल बनेहड़ के नंद कुमार राणा (31) पुत्र ओंकार चंद राणा गांव मनियाड़ ने रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। युवक चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करता था। पत्नी भी उसके साथ रहती थी। दोनों की शादी अभी दो साल पहले ही हुई थी। युवक अपने घर आया था। रविवार सुबह वह अपने घर से चंडीगढ़ के लिए निकला था लेकिन, सोमवार सुबह करीब दस बजे गांव वासियों ने शव को उसको घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक पेड़ से लटका हुआ देखा। इसकी सूचना गांव वासियों ने पंचायत प्रधान संजय चौधरी और प्रधान ने लंबागांव थाने में दी। लंबागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। लंबागांव थाना के प्रभारी विपिन कुमार ने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। युवक की मौत कैसे हुई है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।