स्मार्ट सिटी धर्मशाला में बनेंगे दो
रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
सोलन में परमाणु के बाद धर्मशाला शहर में विकसित होंगे प्लांट
शहर के लोगों को सीवरेज लीकेज की समस्या से मिलेगी निजात
हरीश चंद्र
धर्मशाला। सोलन जिला के परमाणु की तर्ज पर धर्मशाला में भी दो रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। इसके बाद स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लोगों को सीवरेज लीकेज की समस्या से जल्द निजात मिल जाएगी। आईपीएच विभाग का सीवरेज विंग धर्मशाला शहर में दो रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित करेगा। एक प्लांट श्यामनगर वार्ड में गोरखा भवन से ऊपर बनेगा, जबकि दूसरा प्लांट बस स्टैंड से नीचे बाईपास रोड पर स्थापित किया जाएगा। इन रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों को अत्याधुनिक तकनीकों से बनाया जा रहा है, ताकि आसपास की आबादी को दिक्कतें न झेलनी पड़े। लगभग साढे़ तीन करोड़ रुपये की लागत से प्लांटों को निर्माण किया जाएगा। रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में विशेष पौधों को भिगोकर पानी को साफ करने की भी तकनीक है।
बाद में एमसी दायरे में विकसित होंगे तीन और प्लांट
नगर निगम धर्मशाला के दायरे में कुल पांच रूट जोन सीवरेज प्लांट विकसित किए जाएंगे। अभी तक सीवरेज लाइन सिर्फ नगर परिषद के पुराने क्षेत्र में ही ज्यादा आती है। नए जुड़े क्षेत्र में भी सीरवेज लाइन बिछने के बाद वहां पर भी तीन और रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे।
-शहर में दो रूट जोन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा रहे हैं। इन प्लांटों के बनने से चेलियां स्थित ट्रीटमेंट प्लांट पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा। -संदीप कदम, आयुक्त, नगर निगम धर्मशाला