नगरोटा बगवां में एक करोड़ से बनेगा गो सदन
विधायक अरुण कूका ने टीका मटियारी में किया शिलान्यास
पहले चरण में 50 और बाद में 150 गायों को रखने का होगा प्रावधान
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के किसानों को शीघ्र ही लावारिस पशुओं से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए नगरोटा बगवां की ठारु पंचायत के टीका मटियारी में बनने बाले गो सदन का नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार ने शिलान्यास किया। पांच कनाल भूमि में बनने वाले गो सदन के प्रथम चरण में 30 लाख रुपये से 50 गायों को रखने की व्यवस्था की जाएगी।
विधायक ने कहा कि इस गो सदन को पूरे हिमाचल प्रदेश में एक मॉडल गो सदन के रूप में विकसित किया जाएगा। निकट भविष्य में गो सदन का विस्तार कर 150 गायों को रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसकी प्रपोजल सरकार को भेजी गई है। गो सदन में लगभग एक करोड़ रुपये तक धनराशि खर्च की जाएगी। गो सदन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की धनराशि नगर परिषद को मिल गई है। वहीं किसी दानी सज्जन 10 लाख रुपये की धनराशि अलग से दान दी है। अगले बजट में सदन के लिए 5 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि मुहैया करवाई जाएगी। गो सदन का संचालन दानी सज्जनों के माध्यम से ही करवाया जाएगा। वह स्वयं सदन को पांच हजार रुपये प्रतिमाह अपनी जेब से प्रदान करेंगे। गो सदन संचालन के लिए पंचायतों के प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों की कमेटी गठित की जाएगी। कार्यक्रम में एडीसी कमलकांत सरोच, एसडीएम अंकुश शर्मा, तहसीलदार मनोज कुमार, नप अध्यक्ष स्वर्णा वालिया, ईओ चमन लाल कपूर, ठारु की प्रधान पुष्पा देवी, नप पार्षद सपना कटोच, मधु शर्मा, बस्सी, सुमेश कुमार, गगन गुप्ता, घनश्यान वर्मा, ओम अत्री, संतोष सोनी, हिमाद्री सोनी और बीएल खट्टा आदि मौजूद रहे।