धनतेरस पर पपरोला बाजार में रही रौनक
जिले के सबसे बड़े सोने के बाजार में लोगों ने जमकर की खरीदारी
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिले के सोने के सबसे बड़े बाजार पपरोला में धनतरेस के दिन रौनक रही। सोमवार को अवकाश का दिन होने के बावजूद बैजनाथ और पपरोला बाजार खुले रहे। जिला भर में सबसे अधिक सोने की दुकानों वाले पपरोला बाजार में भीड़ रही।
पपरोला में करीब तीन दर्जन प्रतिष्ठित ज्वेलर्स की दुकानें हैं। पिछले कुछ दिनों से सोने की खरीदारी में चल रही मंदी के दौर पर सोमवार को धनतेरस के चलते विराम लग गया। वर्मा ज्वैलर्स के मालिक मानिक वर्मा का कहना है कि धनतेरस पर अन्य दिनों के मुकाबले ग्राहकों की संख्या अधिक रही। राज सन्स ज्वैलर्स के संचालक राजन नंदी का कहना है कि शादियों का सीजन न होने के बावजूद धनतेरस पर बाजार में ग्राहक रहा और अन्य दिनों के मुकाबले काम अधिक रहा। कपूर ज्वैलर्स के संजय कपूर ने बताया कि अच्छा मुहूर्त होने से शादी समारोह वाले लोगों ने धनतेरस पर जमकर खरीदारी की है। रमन सर्राफ के मालिक पंकज नंदा का कहना है कि धनतेरस के साथ लोगों ने शादियों के लिए भी सोने की खरीदारी की। वहीं लोगों ने बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की भी खरीददारी की। सोने की खरीदारी के लिए आए अनिल शर्मा, तिलक बरवाल और अनुज सूद ने कहा कि धनतेरस के दिन सोने की खरीद को शुभ माना गया है।