धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 की 12वीं नियमित परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) से जुड़ी महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। बोर्ड ने 4 से 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन करने वाले उन परीक्षार्थियों की सूची सार्वजनिक की है, जिनके आवेदन विभिन्न कारणों से नॉट एलिजिबल (अपात्र) पाए गए हैं। इस सूची में कुल 76 अभ्यर्थी शामिल हैं।
बोर्ड द्वारा जारी सूची में विद्यार्थियों के नाम, रोल नंबर, केस नंबर और संबंधित विषयों का उल्लेख है। इन अपात्र आवेदनों में अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, गणित, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान, हिंदी, जीवविज्ञान, बिजनेस स्टडीज और कंप्यूटर साइंस जैसे विषय शामिल हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय पर पुनर्मूल्यांकन शुल्क जमा किया था, उन्हें एक अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
ऐसे छात्र 28 मई तक शुल्क जमा करने का प्रमाण बोर्ड कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। सचिव ने स्पष्ट किया कि सही दस्तावेज मिलने पर उनके आवेदनों पर दोबारा विचार कर मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि किसी विद्यार्थी का नाम इस सूची में है और उसने शुल्क दिया है, तो वह समय रहते आवश्यक दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करे।