धर्मशाला। जिला कांगड़ा में वीरवार को 11 विभिन्न स्वास्थ्य खंडों पर बीसीजी का टीकाकरण किया जाएगा। इस अभियान में भवारना खंड में 7 टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे। डाडासीबा में एक, फतेहपुर खंड में आठ सत्र, नूरपुर में छह सत्र, गोपालपुर में चार टीकाकरण सत्र, इंदौरा में पांच सत्र, ज्वालामुखी में 11 सत्र, नगरोटा बगवां में 13 सत्र, नगरोटा सूरियां में छह सत्र, शाहपुर में छह सत्र, टियारा में छह टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे। वीरवार को स्वास्थ्य खंडों में कुल 74 टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे।
बीसीजी टीकाकरण सत्र हर सोमवार एवं वीरवार को लगाया जा रहा है। टीकाकरण के लिए 60 वर्ष से ऊपर के सभी लोग पात्र हैं। इसके साथ ही 18 से 60 वर्ष के व्यक्ति जिनमें शुगर की समस्या, धूम्रपान सेवन वाले लोग, कुपोषित लोग, पहले टीबी की बीमारी हुई हो या टीबी के मरीज के संपर्क में हो ऐसे लोग बीसीजी का टीकाकरण जरूर करवाएं और जटिल टीबी और उनके दुष्प्रभावों से अपना बचाव करें। इस संदर्भ में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने बताया कि जिला के सभी लोगों को टीकाकरण में भाग लेने के लिए सूचित किया है।