बर्फ बारी से बरोट-मुल्थान में सड़कें बंद, बिजली गुल
धर्मशाला-मैक्लोडगंज सड़क पर दिनभर लगता रहा जाम, लोग हुए परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला/मुल्थान (कांगड़ा)। जिले में दो दिन तक हुई बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम खुलते ही दिक्कतों का दौर जारी हो गया। जिला भर के ऊपरी क्षेत्रों में शुक्रवार को लोग जहां सड़कों से बर्फ हटाते नजर आए, वहीं, मुल्थान क्षेत्र की कई सड़कें पूरी तरह से बंद हो गई हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय धर्मशाला और साथ लगते क्षेत्र भी कई घंटे अंधेरे में डूबे रहे। वहीं, मैक्लोडगंज और नड्डी में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। चौहार घाटी और छोटा भंगाल की मुल्थान तहसील पूरी तरह से जिला के अन्य क्षेत्रों से कट गई है। वहीं बरोट विद्युत सब डिवीजन 11 केबी की तारें टूटने के कारण बंद पड़ा है। बरोट मुलथान बाजार में 20 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज हुआ है, जबकि रोलिग, पजोड़, लछयान, कोठी कोढ, राजगुधा, मलाह, पोलिग, स्वाड, लुआई, भुजलिग, ऊलधार, धरमान सहित अन्य गांवों में एक से 3 फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बरोट-घटासनी, बरोट-मियोट, बरोट-कोठी कोढ, बरोट-लोहारडी सड़क भारी बर्फबारी के कारण बंद हो गई है। वहीं, विभाग की मशीनें सड़कों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। लोक निर्माण विभाग झटींगरी के एसडीओ बलवीर ठाकुर ने कहा कि मशीनें सड़क मार्गों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। जल्द ही सड़कों को आवाजाही के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
जेसीबी से हटाया बर्फ
पर्यटन नगरी नड्डी, भागसूनाग और मैक्लोडगंज में हुई बर्फबारी से सड़कों पर बर्फ जमी हुई है। सड़कों से बर्फ को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को जेसीबी और अपने मजदूरों का सहारा लेना पड़ रहा है। शुक्रवार को विभाग की मशीनें और मजदूर सड़कों पर गिरी बर्फ को हटाने में जुटे रहे। वहीं बर्फबारी के कारण धर्मशाला-मैक्लोडगंज सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।