नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। वन्य प्राणी विभाग ने पौंग डैम की खाली जमीन पर अवैध खेती करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीएफओ कृष्ण कुमार ने बताया कि विभाग ने पौंग डैम में खाली पड़ी जमीन पर खेती न करने के हाईकोर्ट के आदेशानुसार स्पेशल टीमें बनाई हैं, जो पौंग डैम में दिन-रात गश्त कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तक अवैध रूप से खेती करने पर कुछ लोगों के विरुद्ध वर्ल्ड लाइफ 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहां पर चल रहे ट्रैक्टरों के अवैध खनन के चालान भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ने पहले ही अवैध खेती न करने के लिए लोगों को नोटिस जारी कर रखेे हैं। उन्होंने कहा कि पौंग डैम में बीबीएमबी की अधिकृत भूमि पर अवैध खेती नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पौंग झील में हर वर्ष लाखों की संख्या में प्रवासी पक्षी आते हैं। जो लोग अवैध खेती करते हैं, वहां पर वे कीटनाशक आदि डालते हैं, जिससे इन पक्षियों को नुकसान होता है। विभाग सरकार के दिशा-निर्देश अनुसार कार्रवाई कर रहा है।