धर्मशाला। सूबे के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में लोकसभा चुनाव से पहले जोड़-तोड़ की राजनीति का दौर शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा 55 जिला परिषद सदस्यों वाले सदन के उपाध्यक्ष को हटाने के लिए लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 27 अगस्त को बैठक प्रस्तावित है। इसमें जिप कांगड़ा को नया उपाध्यक्ष मिलने के आसार है।
इसी महीने 13 अगस्त को आयोजित त्रैमासिक बैठक में उपाध्यक्ष गगन ठाकुर के खिलाफ 32 सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त अविश्वास लाया था, जो जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा और जिला परिषद अध्यक्ष को सौंपा है। अविश्वास प्रस्ताव के 15 दिन के भीतर दोबारा बैठक बुलानी पड़ती है, जो अब 27 अगस्त को प्रस्तावित है। कांगड़ा जिप अध्यक्ष पर भाजपा का पहले से कब्जा है, अब उपाध्यक्ष को हटाने के लिए भाजपा समर्थित सदस्य एकजुट हो गए हैं। उधर, जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी शर्मा ने अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद बैठक बुलाई गई है। इस बारे में सभी जिप सदस्यों को सूचित कर दिया है।