रात भर अंधेरे में डूबे रहे जिले के कई गांव
आंधी से गिरे पोल और बिजली के तार टूटे
बिजली बोर्ड को नगरोटा बगवां, बड़ोह और धर्मशाला हुआ ज्यादा नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिले में मंगलवार देर सायं चली आंधी के कारण जिला कांगड़ा के कई गांव अंधेरे में डूबे रहे। आंधी के चलते जहां बिजली की कई पोल गिर गए, वहीं कई स्थानों पर बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से तारें टूट गईं हैं।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के साथ लगते सुधेड़, घरोह, चड़ी और डढंब के अलावा बगली फीडर के तहत आते ढगवार, मनेड़, पासू, चैतडू आदि गांव रात भर अंधेरे में डूबे रहे। वहीं अधिशासी अभियंता हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड धर्मशाला आरके खरवाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि आंधी-तूफान के चलते बगली कैडर में काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा नगरोटा बगवां, बड़ोह, धर्मशाला आदि क्षेत्रों में बिजली बोर्ड को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बुधवार को इन क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से बहाल रही है। उन्होंने बताया कि बगली कैडर की विद्युत लाइन को भी दुरुस्त कर दिया गया है।
आम-लीची की फसल को भी हुआ नुकसान
उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीआर वर्मा के बताया कि तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिला भर में बागबानों को हुए नुकसान की रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस आंधी से आम और लीची की फसल को नुकसान पहुुंचा है।