धर्मशाला में थमा डायरिया का प्रकोप, कोई नया मामला नहीं
किशन कपूर ने अस्पताल पहुंचकर जाना उपचाराधीन लोगों का हाल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में डायरिया का शनिवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया है, लेकिन फिर भी लोगों में डायरिया को लेकर दहशत कम नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला में डायरिया को लेकर सचेत रहने के आदेश जारी किए हैं।
वहीं, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला का दौरा किया। मंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन लोगों का हालचाल जाना। मंत्री किशन कपूर ने स्वास्थ्य, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित बनाने और सभी जल स्रोतों की क्लोरीनेशन के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से आग्रह किया कि वे घरों पर पानी की टंकियों की साफ-सफाई रखें एवं पानी उबाल कर पिएं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे खराब पानी की सप्लाई को लेकर तुरंत आईपीएच विभाग से संपर्क करें। इस दौरान सीएमओ डॉ आरएस राणा, भाजपा मंडलाध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, महामंत्री डॉ. विजय शर्मा, सुनील शर्मा, मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, अधिशासी अभियंता आईपीएच विकास बख्शी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहे।