अमर उजाला ब्यूरो
देहरागोपीपुर/रक्कड़(कांगड़ा)। उद्योग, श्रम और रोजगार तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान परिवेश में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार युवा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने और इसके आधारभूत ढांचे के विकास को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जसवां परागपुर एरिया में जहां पर भी जमीन उपलब्ध होगी, वहां पर बहुत जल्दी तकनीकी शिक्षा का एक बड़ा संस्थान खोला जाएगा। वे जसवां परागपुर में जनसंपर्क अभियान के तीसरे दिन जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि रक्कड़ इलाके में दो नए नलकूप स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे आने वाली गर्मियों में यहां पीने के पानी की समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने शिव मंदिर धार खरोटी में डंगे के निर्माण के लिए दो लाख रुपये, चौली पंचायत के गांव मौवा चौली में स्नानागार के लिए दो लाख और इसी गांव में कुएं के जीर्णोद्धार के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उद्योग मंत्री ने इस दौरान रक्कड़, बंड, धार खरोटी और चौली में लोगों की समस्याएं भी सुनी।
इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनवीर ठाकुर, रुपेंद्र सिंह डैनी, रक्कड़ पंचायत प्रधान रतन सिंह राठौर, चौली पंचायत उपप्रधान गग्गी, संजीव शर्मा, कश्मीर सिंह, कमलेश शर्मा, भूपेंद्र कुमार, भरौली पंचायत प्रधान राजेंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, जयकरण दास, अधिशासी अभियंता रोहित दुबे, रजनीश धीमान, जीएस राणा, प्रोमिला धीमान, डॉ विनय सोनी और आरपी डोगरा आदि उपस्थित रहे।