पहली बार फेसबुक पर लाइव
होगा पालमपुर का होली मेला
देश-विदेश में बैठे लोग फोन पर ले सकेंगे मेले का आनंद
राज्य स्तरीय होली मेले को लेकर आयोजित बैठक में लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय होली मेला पालमपुर को इस बार लोग देश-विदेश में बैठ कर भी देख सकेंगे। पहली बार होली मेले को फेसबुक के जरिये लाइव दिखाया जाएगा। यह फैसला राज्य स्तरीय होली को लेकर एसडीएम पालमपुर एवं अध्यक्ष राज्य स्तरीय होली मेला समिति पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
बैठक में पालमपुर में 18 से 21 मार्च तक चलने वाले होली मेले के सफल आयोजन पर चर्चा की गई। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, अरविंद शर्मा, संजय कपूर, सीमा शर्मा, अंजना सोनी, शम्मी अख्तर समेत कई मेला समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य शामिल रहे। बैठक में महोत्सव को अधिक आकर्षक और मनोरंजक बनाने के लिए सुझाव दिए गए। एसडीएम पंकज ने बताया कि महोत्सव में हर वर्ग की सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए होली महोत्सव के आयोजन और महोत्सव का थीम निर्धारण के लिए आम लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव का लाइव प्रसारण भी फेसबुक पेज पर करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि देश-विदेश में बैठे लोग पालमपुर होली मेले को देख सकें। सांस्कृतिक संध्याओं में अन्य कलाकारों के अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोक सांस्कृतिक दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में बेबी शो, डॉग शो, फ्लावर शो, फैंसी ड्रेस, महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलों के आयोजन किया जायेगा। मेले के दौरान विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान वॉलीबाल, बैडमिंटन, कुश्ती, क्रिकेट, बास्केटबाल, टेबल टेनिस, चेस, कैरम बोर्ड और मैराथन का भी आयोजन होगा।