ब्यास नदी में मिला टीजीटी शिक्षक का शव
पुनणी स्कूल में शिक्षक था शांतला का अश्विन
मछलियों को आटा डालते वक्त पैर फिसलने से मौत का अंदेशा
अमर उजाला ब्यूरो
रक्कड़ (कांगड़ा)। राजकीय उच्च विद्यालय पुनणी के टीजीटी शिक्षक अश्विन कुमार (52) पुत्र ओमप्रकाश की चामुखा मंदिर के पास ब्यास नदी में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। अश्विन कुमार गांव शांतला का निवासी था। पुलिस के अनुसार अश्विन कुमार चामुखा मंदिर में मंगलवार को पूजा करने गया था। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि शायद नदी में मछलियों को आटा डालने के दौरान पैर फिसलने से शिक्षक पानी में गिर गया। मंगलवार को शिक्षक के पिता ने पुलिस थाना रक्कड़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बुधवार शाम को चामुखा में श्मशानघाट के पास लाश को स्थानीय गोताखोर प्रताप, राजकुमार एवं पुलिस की सहायता से बाहर निकाला। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि घरवालों ने थाना रक्कड़ में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अश्विन कुमार की लाश चामुखा ब्यास नदी के समीप करीब चार बजे बरामद हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।
गुम्मर में मारपीट, पति पत्नी पर केस
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पुलिस थाना ज्वालामुखी में रोशन लाल पुत्र जैसी राम निवासी शांतला गुम्मर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि गांव के ही एक दंपति ने उसके साथ लड़ाई -झगड़ा और मारपीट की है। पुलिस ने दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी संतोष पटियाल ने केस की पुष्टि की है।