कांगड़ा में अटल आशीर्वाद योजना का आगाज
सीएमओ ने धर्मशाला अस्पताल में दी बेबी केयर कीट
जिले में 22 हजार शिशुओं को मिलेगी किट
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सूबे के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में अटल आशीर्वाद योजना का आगाज हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने जोनल अस्पताल धर्मशाला में अटल आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पैदा होने वाले शिशुओं को एक डिलीवरी किट मुफ्त में दी जा रही है।
इसमें नवजात की मां के लिए टूथ ब्रश, टूथ पेस्ट, साबुन, वैसलीन, शिशु के कपड़े, शिशु के लिए तेल, तौलिया, नैपकिन, हैंड सेनटाइजर, शिशु के लिए मच्छरदानी, शिशु के लिए कंबल, खिलौना और मलमल का कपड़ा, दस्ताने आदि शामिल हैं। उधर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने कहा कि कांगड़ा में साल भर में सरकारी तथा निजी अस्पतालों में पैदा होने वाले लगभग 22 हजार शिशुओं डिलीवरी किट दी जाएगी।
इस अवसर पर धर्मशाला अस्पताल के एमएस डॉ. दिनेश महाजन, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय दत्ता, मेट्रन विजय कुमारी, वार्ड सिस्टर सुमन, जिला मास मीडिया अधिकारी सीआर ठाकुर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मनेड़ की दीक्षा, मौली की मीनाक्षी, सिद्धपुर की मंजू, ढग्वार की मोनिका, डाढ़ की वीणा, मसरेड़ की ज्योति, मनियाड़ा की मंजू, बडोल की गौरी को बेबी केयर कीट वितरित की गई।