धर्मशाला। युवतियां सोशल मीडिया में अपनी निजी जानकारी साझा न करें। आपराधिक प्रवृत्ति के लोग इसका दुरुपयोग कर सकते हैं। वहीं युवतियों को भी कानून का दुरुपयोग न करके अपराध के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करना चाहिए। एएसपी कांगड़ा बद्री सिंह ने कहा कि कई मामलों में पाया जा रहा है कि महिलाएं कानून का दुरुपयोग करके पुलिस को मामले में उलझा देती हैं। इसे निर्दोषों को भी सजा भुगतनी पड़ रही है। एएसपी सोमवार को आईटीआई दाड़ी (धर्मशाला) में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम में बोल रहे थे।
कार्यक्रम में एससपी बद्री सिंह और उद्योग विभाग के महाप्रबंधक राजेश कुमार ने बतौर वक्ता शिरकत की। एससपी कांगड़ा ने जहां आईटीआई प्रशिक्षुओं को कानून का पाठ पढ़ाया। वहीं उद्योग विभाग के महाप्रबंधक ने स्वरोजगार के लिए चलाई योजनाओं के बारे में बताया। एएसपी बद्री ने कहा कि लोगों में कानून के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच यह भी पाया गया है कि इसका दुरुपयोग ज्यादा होने लगा है। कानून का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवतियों पर फबतियां कसने और चोरी-चोरी पीछा करने की आमतौर पर घटनाएं होती हैं। ऐसा करने पर आरोपी को 5000 रुपये तक की सजा का प्रावधान है। लेकिन, युवतियां समाज के डर से इसकी शिकायत नहीं करतीं, जबकि एक बार ऐसा होने पर किसी को सजा होने पर शायद ही वह ऐसा दोबारा करे।
उद्योग विभाग के महाप्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि यदि आपके दिमाग में कोई इनोवेटिव आइडिया चल रहा है तो उसे डेवलप करने के लिए उद्योग विभाग को आवेदन करें। सरकार स्टार्ट अप के माध्यम से आइडिया डेवलप करने के लिए प्रदेश के सात बड़े शिक्षण संस्थानों में लैब की सुविधा प्रदान कर रहा है। इतना ही नहीं 25000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति के साथ 10 लाख रुपये तक की सहायता प्रोडक्ट डेवलप करने को दे रही है। वहीं स्वरोजगार के लिए स्वावलंबन योजना के तहत 40 लाख रुपये तक का ऋण पांच फीसदी ब्याज दर पर उपलब्ध करवा रही है। कार्यक्रम में मंच संचालन किरन कटोच ने किया। इस मौके पर समूह निदेशक सुनील पटियाल, हरविंद्र कौर, अनामिका महाजन, अनु बाला, मनीषा कटोच, संतोष कुमारी और राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
इनसेट......
फोन का करें सदुपयोग : राजेश
आजकल सोशल मीडिया में बहुत समय बरबाद किया जा रहा है। मोबाइल फोन का सदुपयोग होना चाहिए। इंटरनेट के माध्यम से किसी भी प्रकार की सूचना आसानी से प्राप्त की जा सकती है। वहीं नौकरी करने की बजाए स्वरोजगार अपनाकर नौकरी देने में प्रशिक्षुओं को विश्वास होना चाहिए।
- राजेश कुमार, महाप्रबंधक उद्योग विभाग कांगड़ा
दोस्ती से पहले करें पूरा पता : बद्री
सोशल मीडिया पर दोस्ती करने से पहले पूरी तरह से पता कर लें। उसके बाद ही दोस्ती करें। आज कोई भी घटना होने पर लोग तुरंत सड़कों पर उतर रहे हैं। इससे पुलिस बल की पूरी ऊर्जा उनकी सुरक्षा में लग जाती है। धरने-प्रदर्शन करने की बजाय लोग पुलिस का सहयोग करें।
- बद्री सिंह, एएसपी कांगड़ा
स्वावलंबी बने नारी : मनीष
नारी जिंदाबाद के हर दिन नारे लग रहे हैं। लेकिन, नारी तभी जिंदाबाद होगी, जब वह स्वावलंबी बनेगी। इसके लिए उसे स्वरोजगार अपनाना जरूरी है। सरकारी रिपोर्ट में 2015 तक देश की विकास दर में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है। यह अनुमान महिलाओं के स्वरोजगार अपनाने को ध्यान में रखकर ही लगाया गया है। महिलाओं को कानून और स्वरोजगार की जानकारी होना जरूरी है।
- मनीष राणा, प्राधानाचार्य आईटीआई दाड़ी