बांस शिल्प को बढ़ावा देगी हिमाचल सरकार : बिक्रम
नैहरनपुखर में उद्यमिता जागरूकता एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह में बोले उद्योग मंत्री
कार्यक्रम में मैहतपुर, गगरेट और संसारपुर टेरेस के लघु उद्यमियों ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरनपुखर में उद्यमिता जागरूकता एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में मैहतपुर, गगरेट और संसारपुर टेरेस के लघु उद्यमी और स्थानीय स्व उद्यम से जुड़े लोग और उद्योग विभाग के अधिकारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपना उद्यम स्थापित कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई योजनाएं चला रही है, ताकि प्रदेश का युवा इन योजनाओं के माध्यम से नौकरी ढूंढने के बजाय दूसरों को नौकरी देने वाला बन सके।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बांस काफी मात्रा में पाया जाता है, लेकिन इसका व्यावसायिक इस्तेमाल न के बराबर है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही इस क्षेत्र में बांस शिल्प उद्योग की स्थापना की जाएगी, जिससे कई प्रकार के बांस से निर्मित साज-सज्जा के सामान और घर में इस्तेमाल होने वाले फर्नीचर बनाए जा सकेंगे। इस दौरान संस्थान के प्रशिक्षुओं की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए गए। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को टूल किट और प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर भाजपा संगठन जिला देहरा अध्यक्ष नरेश चौहान, मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, महामंत्री रुपिंदर सिंह, प्रिंसिपल कुलदीप सिंह, जिला कांगड़ा उद्योग केंद्र महाप्रबंधक राजेश कुमार, जिला ऊना उद्योग केंद्र महाप्रबंधक अंशुल धीमान, हार पंचायत प्रधान गुरचरण सिंह, लघु उद्यमी विवेक शर्मा, विक्रम सिंह, मंडल वन अधिकारी आरके डोगरा आदि मौजूद रहे।