ेअमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अब बीएसएनएल के पोस्ट पेड उपभोक्ताओं को ई-मेल से भी बिल भेजे जाएंगे। ई-मेल से बिल स्वीकार करने वाले उपभोक्ताओं को बिल में दस रुपये की छूट दी जाएगी। डिजिटल-इंडिया के सपने को साकार करने और पर्यावरण-मित्र मानदंडों को जमीन पर उतारने के लिए बीएसएनएल ने गो-ग्रीन अभियान छेड़ा है।
इसके तहत पोस्टपेड टेलीफोन (लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड, मोबाइल, वाई-मैक्स, एफटीटीएच और सीडीएमए) उपभोक्ता इसके साथ जोड़े जाएंगे। इसके तहत उपभोक्ताओं की सहमति पर उनके बताए हुए ई-मेल पर बिल भेजे जाएंगे।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि इस प्रक्रिया में बीएसएनएल कार्यालय एवं निकटतम ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपलब्ध एक सहमति-पत्र उपभोक्ता कार्यालय में प्रस्तुत करें। इसके बाद दर्शाए गए ई-मेल पर बिल प्राप्त किया जा सकेगा। बिल से संबंधित संदेश मोबाइल नंबर पर भी प्रदर्शित होंगे। इससे न केवल डिजिटल-इंडिया के प्रारूप की राह में एक नई पहल होगी। बल्कि पर्यावरण मित्र मापदंडों पर भी खरा उतरा जा सकेगा। इससे कार्यालय में एक पेपरलेस चलन का भी लक्ष्य साधा जा सकेगा। ई-बिल का विकल्प लेने वाले उपभोक्ता यदि प्रिंटेड बिल प्राप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें उचित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।