अमर उजाला ब्यूूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत के कुछ पार्षदों ने एक बार फिर नपं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नपं के 11 पार्षदों में से छह पार्षदों ने एसडीएम डॉ. मुरारी लाल से मुलाकात करनगर पंचायत के विकास कार्य ठप होने और विकास कार्यों में भेदभाव की शिकायत की है।
पार्षदों अनिता सूद, अमित कपूर, कांता देवी, रमेश, रुचि कपूर और कविता चौधरी ने कहा कि एलईडी लाइट्स की स्थापना में देरी की जा रही है और जो एलईडी लाइट्स लगाई भी हैं, उनमें बंद पड़ी लाइट्स को ठीक नहीं करवाया जा रहा है। एलईडी लाइट्स लगाने में भी भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा कि पंडोल रोड और आवाही नाग मंदिर के समीप लगाई लाइट्स खराब पड़ी हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की हालत दयनीय है। नगर पंचायत के अधिकारी आला अधिकारियों का हवाला देकर किसी भी प्रकार का हिसाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार हैं, लेकिन इन्हें अमलीजामा पहनाने में देरी की जा रही है। उधर, एसडीएम डॉ. मुरारी ने नपं सचिव को डंपिंग साइट का मामला जल्द सुलझाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रदूषण विभाग की औपचारिकताओं के उपरांत डंपिंग साइट के लिए स्थान चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने नपं सचिव को एक सप्ताह के अंदर डंपिंग साइट सुचारु करवाने के आदेश दिए।