ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी उपमंडल के ज्वालामुखी, खुंडियां और मझीण में चिह्नित स्थानों पर पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन ने दुकानदारों को अनुमति प्रदान की है, लेकिन, शिकायतें मिल रही हैं कि जिन स्थानों को पटाखों की बिक्री के लिए चिह्नित किया गया है, उन स्थानों के अलावा अपनी मर्जी से दुकानदार पटाखों की बिक्री कर रहे हैं। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन ने पहले ही आदेश जारी कर दिए हैं, लेकिन उन आदेशों को अमलीजामा न पहनाए जाने पर स्थानीय नगर परिषद और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रशासन ने सख्त एतराज जताया है।
इन शिकायतों को लेकर नप के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार और स्थानीय पुलिस प्रतिनिधि को एसडीएम कार्यालय में तलब कर उन्हें पटाखा बिक्री के चिह्नित स्थानों के आदेशों को तत्काल अमलीजामा पहनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। एसडीएम राकेश शर्मा ने बताया कि चिह्नित स्थानों में ही पटाखा बिक्री की दुकानदारों को अनुमति प्रदान की गई है। इन जगहों पर बिक्री का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रखा गया है। समस्त पंचायतों को निर्देश जारी किए गए हैं कि खुले मैदान में ही पटाखा बिक्री करें अन्यथा नियमों की अवहेलना पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।