धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर चल रही उथल-पुथल के बीच अब प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। बुधवार दोपहर 3 बजे तक चली नामांकन वापसी की प्रक्रिया के दौरान चार प्रत्याशियों ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। अब धर्मशाला के 17 वार्डों की शहरी सत्ता पर काबिज होने के लिए कुल 54 प्रत्याशी चुनावी रण में आमने-सामने होंगे।
नगर निगम चुनावों के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया के दौरान कुल 58 दावेदारों ने अपने पर्चे दाखिल किए थे। इसमें कांग्रेस और भाजपा के 17-17 अधिकृत उम्मीदवारों के अलावा 24 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल थे। बुधवार को चार आजाद प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब चुनावी मैदान में 54 खिलाड़ी शेष बचे हैं। इनमें कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर के साथ-साथ कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी मुख्य दलों का खेल बिगाड़ने के लिए तैयार दिख रहे हैं।
इन प्रत्याशियों ने छोड़ा मैदान
निर्वाचन विभाग के अनुसार नामांकन वापसी के अंतिम दिन चार निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं।
वार्ड नंबर-8 (खेल परिसर): ललिता कुमारी
वार्ड नंबर-13 (दाड़ी): बलदेव चौधरी
वार्ड नंबर-14 (कंड): प्रदीप कुमार
वार्ड नंबर-15 (खनियारा): राकेश कुमार
कोई कार लेकर दौड़ेगा तो कोई चाबी से खोलेगा ताल
नामांकन वापसी की प्रक्रिया संपन्न होते ही प्रशासन ने आजाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन भी कर दिया है। इस बार निर्दलीय उम्मीदवारों को उगता सूरज, कार और ताला-चाबी जैसे चुनाव चिह्न मिले हैं। पार्टी चिह्नों और अपने-अपने आवंटित चुनाव चिह्नों के साथ अब प्रत्याशियों ने वार्डों में प्रचार के पावरप्ले की शुरुआत कर दी है।
नामांकन वापसी की प्रक्रिया के तहत चार प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए हैं। अब कुल 54 प्रत्याशी नगर निगम धर्मशाला का चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही पार्टी प्रत्याशियों के अलावा आजाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन कर दिया गया है। -मोहित रत्न, एसडीएम, धर्मशाला।