शाहपुर में बनेगा 100 बिस्तर का सिविल अस्पताल
साथ लगती पंचायतों के अलावा चंबा के लोगों को भी मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की अधिसूचना, 26 नये पद भी सृजित
अमर उजाला ब्यूरो
शाहपुर (कांगड़ा)। स्वास्थ्य विभाग ने शाहपुर अस्पताल के 100 बिस्तरों को बनाने की अधिसूचना जारी की है। अब शाहपुर उपमंडल सहित जिला चंबा के साथ लगते क्षेत्र के हजारों लोगों को नागरिक अस्पताल में उपचार की सुविधा मिल पाएगी।
अभी तक शाहपुर में सिर्फ 50 बेड का प्रावधान है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अस्पताल चल रहा है। बता दें कि शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने सीएम जयराम ठाकुर के शाहपुर दौरे के दौरान अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी थी। सीएम ने बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी की है। साथ ही चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ के 26 नए पद भी सृजित किए गए हैं।
उधर, शाहपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष अश्वनी शास्त्री, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक अवस्थी, तिलक राज शर्मा, अमरीश परमार, राकेश, जोगिंद्र चौधरी सहित अन्य लोगों ने अस्पताल की नोटिफकेशन जारी होने पर खुशी व्यक्त की है।