सावधान! पौंग बांध से आज छोड़ा जाएगा पानी
1388.32 फीट पहुंचा पौंग बांध का जलस्तर
खतरे के निशान से सिर्फ एक फीट दूर है पानी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर (कांगड़ा)। महाराणा प्रताप पौंग बांध का जलस्तर स्तर 1388.32 फीट पहुंच गया है। इसके चलते पौंग बांध प्रबंधन ने 26 सितंबर को पानी छोड़ने का फैसला लिया है। इस बारे में मंगलवार को बीबीएमबी ने बैठक की। बैठक में पौंग बांध से पानी छोड़ने की योजना की समीक्षा की गई। वहीं, इसके पश्चात पौंग बांध प्रबंधन ने कहा कि बांध का जलस्तर निरंतर निगरानी में है। अब (पावर हाउस मशीनों को छोड़कर) पौंग प्रबंधन ने फैसला लिया है कि 26 सितंबर को पानी छोड़ा जाएगा।
एसडीएम फतेहपुर बलवान चंद ने कहा कि लगातार मूसलाधार बारिश से पौंग में पानी की आमद अचानक बढ़ जाने के चलते पहले बीबीएमबी ने मंगलवार को 49000 क्यूसिक पानी शाम तीन बजे छोड़ने का अलर्ट जारी किया था, लेकिन मंगलवार को मौसम साफ रहने और पानी की आमद घटने से बीबीएमबी ने पानी नहीं छोड़ने का निर्णय लिया। पौंग में यूं तो जलभंडारण की क्षमता 1430 फीट है, लेकिन बीबीएमबी ने 1390 फीट पर पानी पहुंचने को खतरे का निशान रखा है। वहीं, बीबीएमबी 1410 फीट तक जल भंडारण कर सकता है। ऐसा करने पर पौंग से सटे कई क्षेत्र पानी की समस्या से जूझने को मजबूर हो जाते हैं। लोगों की परेशानी देखते हुए बीबीएमबी 1390-1395 पर पानी पहुंचने पर फ्लड गेट खोल देता है, जबकि बिजली उत्पादन की कुल छह की छह टरबाइनें बिजली उत्पादन कर रही हैं। वहीं, इस संबंध में उपायुक्त होशियारपुर ईशा कालिया ने बांध का दौरा करके बीबीएमबी चीफ सुरेश माथुर से पौंग डैम के पानी की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की।